18 जुलाई को जारी होगी PM किसान योजना की 20वीं किस्त
18 जुलाई को जारी होगी PM किसान योजना की 20वीं किस्त
नई दिल्ली: देशभर के किसान जून महीने से ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. जून बीत चुका है, जुलाई महीने का पहला सप्ताह भी गुजर गया है, लेकिन अभी तक किसानों के खाते में 2000 रुपये नहीं आए हैं. हालांकि, अब किसानों का यह इंतजार बहुत जल्द खत्म होने वाला है यानी जुलाई महीने में ही पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त जारी हो सकती है.मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को बिहार का दौरा करेंगे. बिहार में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसलिए उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी 18 जुलाई को मोतिहारी से पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी करेंगे. यानी पीएम मोदी ही इस बार भी किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे. हालांकि, केंद्र सरकार की तरफ से अभी तक इस संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है
गौरतलब है कि 24 फरवरी 2025 को पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी हुई थी. पिछली किस्त जारी हुए चार महीने से ज्यादा समय हो चुके हैं, इसलिए जुलाई में 20वीं किस्त की राशि किसानों के खातों में आने की पूरी उम्मीद है.पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर में 11.8 करोड़ से अधिक किसान पंजीकृत हैं. अकेले बिहार में 76.5 लाख लाभार्थी हैं. कोई भी पात्र किसान आधिकारिक पोर्टल https://pmkisan.gov.in/ पर जाकर या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से पीएम किसान योजना के लिए पंजीकरण करा सकता है
ई-केवाईसी अनिवार्य
इस बार सरकार ने पीएम किसान योजना का लाभ उठाने के लिए बैंक खातों का eKYC अनिवार्य कर दिया है. अगर किसान ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो 20वीं किस्त की राशि रुक भी सकता है. ऐसे किसान पीएम किसान पोर्टल पर OTP आधारित eKYC कर सकते हैं. साथ ही CSC केंद्रों पर जाकर बायोमेट्रिक आधारित eKYC करवा सकते हैं
2019 में लॉन्च हुई थी योजना
पीएम किसान सम्मान निधि योजना साल 2019 में लॉन्च की गई थी. केंद्र सरकार इसके तहत पात्र किसानों को साल में 6000 रुपये की सहायता देती है. यह राशि तीन किस्तों में जारी की जाती है और हर किस्त में 2000 रुपये खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं. अब तक किसानों को 19 किस्त के पैसे मिल चुके हैं
You may also like: दोपहर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें-- तारीख 11-07-2025
Leave a Reply
Please log in to comment on this post.